मधुबनी , मार्च 28 -- बिहार के मधुबनी जिले में स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक स्थल बलिराजगढ़ में भारत सरकार के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से कराये जा रहे उत्खनन कार्य का शुभारंभ राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने शनिवार को किया। यह अवसर न केवल मधुबनी जिले, बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का प्रतीक है।
गौरतलब है कि बलिराजगढ़ का उत्खनन कार्य मिथिला की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक महत्व को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस स्थल से प्राप्त होने वाले पुरातात्विक साक्ष्य न केवल क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास को उजागर करेंगे,बल्कि शोध एवं अकादमिक अध्ययन के नए आयाम भी स्थापित करेंगे।
इस पहल से मधुबनी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं विकसित होंगी, जिससे स्थानीय रोजगार सृजन, आर्थिक सशक्तिकरण एवं आधारभूत संरचना के विकास को बल मिलेगा। साथ ही, मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान प्राप्त होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित