मुंबई , मार्च 10 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया मंगलवार को 36 पैसे मजबूत हुआ और ऐतिहासिक निचले स्तर से उबरकर कारोबार की समाप्ति पर 91.85 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 39 पैसे टूटकर 92.21 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी जो इसका अब तक का सबसे निचला स्तर है।

रुपये में आज शुरू से ही तेजी रही। यह 28.50 पैसे की मजबूती के साथ 91.9250 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह ऊपर 91.7150 रुपये और नीचे 92.1925 रुपये प्रति डॉलर तक गया।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में नरमी से रुपये को समर्थन मिला। दूसरी तरफ, घरेलू पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली ने भारतीय मुद्रा पर दबाव बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित