हिसार , जुलाई 15 -- हरियाणा के पूर्व राज्यसभा सांसद और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का मंगलवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 96 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार दोपहर 12 बजे अग्रोहा स्थित गोयनका उद्यान में किया जाएगा।
अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मंत्री रणबीर गंगवा समेत कई राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
श्री गोयनका का कल पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए हिसार की मोहना मंडी स्थित पैतृक आवास पर रखा गया, जहां योग गुरु बाबा रामदेव, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी, विधायक चंद्रप्रकाश सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री गोयनका ने अपने व्यवसाय की शुरुआत आदमपुर अनाज मंडी में आढ़ती के रूप में की थी। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी लंबे समय तक जुड़े रहे और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं।
वैश्य समाज के वरिष्ठ नेता बजरंग दास गर्ग के अनुसार, नंद किशोर गोयनका अग्रोहा धाम के प्रमुख संस्थापकों में शामिल थे। उन्होंने हिसार और हरियाणा में कई सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
परिवार के संघर्ष के दिनों में उनके बड़े बेटे डॉ. सुभाष चंद्रा ने पढ़ाई बीच में छोड़कर पिता के साथ कारोबार संभाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित