नयी दिल्ली , जून 06 -- एसेक्स फार्म्स ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप-बी लीग मुकाबले में प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को शनिवार को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी एसेक्स फार्म्स की टीम ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को 16.5 ओवर में 137 रनों पर समेट दिया। प्रोफेशनल मैनेजमेंट की ओर से अनुज रावत ने 33 गेंदों पर आक्रामक 49 रन बनाए, जबकि आर्यन शर्मा ने 23 और प्रदीप मलिक ने 19 रनों का योगदान दिया। एसेक्स फार्म्स की ओर से निर्भय डागर और अमन गोस्वामी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके, जबकि हर्ष भारद्वाज ने 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसेक्स फार्म्स की टीम ने मात्र 14.1 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। द्वीप गहलोत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए, जबकि काव्या गुप्ता ने 37 गेंदों पर नाबाद 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती विकेट गिरने के बाद मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित