देवरिया , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 2027 का चुनाव अयोध्या सीट से लड़ने की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनौती पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एस एन सिंह ने पलटवार किया है।

श्री सिंह ने शनिवार को कहा कि जो अपने कार्यकाल में नोएडा तक न गया हो, जो प्रदेश के कई जिलों में जाने से घबराता हो, जो जनता के बीच ही नहीं रहता हो, ऐसे एसी-पीसी वाले नेता अपनी चिंता करें। जिनको उनके पिताजी ने नेता बनाया हो, जो जनता के नेता नहीं, सिर्फ एक परिवार के नेता हों, एक क्षेत्र, एक जाति और एक धर्म के नेता हों, वो अपनी चिंता करें। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को चुनौती देने वाले आइए, मथुरा, अयोध्या, काशी, गोरखपुर कहीं से भी आकर आजमा लें।हार खानी पड़ेगी।

उन्होने कहा कि योगी आदित्यनाथ जनप्रिय और सर्वप्रिय नेता हैं। वह प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ेंगे तो जीत जाएंगे, क्योंकि वह एक क्षेत्र के लिए नहीं, पूरे प्रदेश की खुशहाली, विकास और समृद्धि के लिए काम करते हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश की जनता ने 2017 में भी, 2022 में भी उन्हें विजयी भव: का आशीर्वाद दिया और 2027 में भी देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित