सिंधुदुर्ग , जून 06 -- महाराष्ट्र में रत्नागिरी के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने पूर्व विधायक और शिवसेना (यूबीटी) नेता वैभव नाइक की संपत्ति की जांच तेज कर दी है।

जांच एजेंसी ने कणकवली नगर पंचायत को एक नोटिस भेजकर नाइक द्वारा खरीदी गई कुछ व्यावसायिक संपत्तियों के बारे में विस्तृत दस्तावेज मांगे हैं।

एसीबी की जांच मुख्य रूप से कणकवली में दो व्यावसायिक दुकानों की खरीद पर केंद्रित है, जिन्हें नाइक ने 2002 और 2006 में खरीदा था। जांच अधिकारी अभी इन संपत्तियों की खरीद की कानूनी स्थिति की पुष्टि कर रहे हैं, खासकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या ये इकाइयां एक ही संयुक्त संपत्ति के तौर पर रजिस्टर्ड हैं या दो अलग-अलग संपत्तियों के तौर पर।

यह जांच नाइक की संपत्ति से जुड़े उस मामले का हिस्सा है जो 2022 से चल रहा है। जांच के पिछले दौर में बैंक रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय जानकारी की हालांकि पड़ताल की गई थी लेकिन स्थानीय नगर निकाय से जुड़ा यह नया घटनाक्रम 'आय से अधिक संपत्ति' के चल रहे मामले में एक अहम कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित