श्रीनगर , जून 19 -- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला के एक निवासी से अवैध रूप से धनराशि की मांग करने के मामले में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक अधिकारी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।अधिकारी के खिलाफ पिछले वर्ष मामला दर्ज किया गया था।
अधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सोपोर में उस समय वरिष्ठ फायरमैन रहे आरोपी निसार अहमद वानी के खिलाफ 'भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम' की धारा सात के तहत मामला दर्ज किया गया था। दिसंबर 2024 में दर्ज उस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उन्होंने एक सरकारी कार्य के लिए रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने बारामूला के जानबाज़पोरा में लकड़ी बिक्री डिपो स्थापित करने के लिए ज़रूरी 'फायर सेफ्टी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' जारी कराने में मदद करने के बदले गैर-कानूनी तरीके से पैसे की मांग की थी। यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से आवेदन से जुड़े खर्चों के लिए पहले ही 1,500 रुपये ले लिए थे और बाद में ईंधन के खर्च और अन्य छोटे-मोटे खर्चों के बहाने अवैध रूप से 5,000 रुपये की मांग की।
गुप्त रूप से जांच करने के बाद आरोपों की शुरुआती पुष्टि करते हुए एसीबी ने मामला दर्ज किया। इसके बाद एक टीम गठित कर 16 दिसंबर, 2024 को आरोपी को शिकायतकर्ता से कथित रूप से अवैध रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित