रायपुर , मार्च 12 -- भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को बैंक खाते की जानकारी में सुधार करने का अंतिम अवसर दिया गया है।
रायपुर जिले में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थी, जिनकी छात्रवृत्ति राशि तकनीकी कारणों से खाते में जमा नहीं हो पाई है, वे 15 मार्च 2026 तक अपने बैंक विवरण को ऑनलाइन सुधार सकते हैं।
जानकारी के अनुसार शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई में पढ़ाई कर रहे अनुसूचित जाति वर्ग के वे विद्यार्थी, जिनके बैंक खाते बंद होने या आधार से खाते की सीडिंग नहीं होने के कारण शिक्षा सत्र 2022-23, 2023-24 और 2024-25 की छात्रवृत्ति राशि प्राप्त नहीं हो सकी है, उन्हें यह अवसर दिया गया है।
विद्यार्थियों को अपने बैंक खाते और आधार सीडिंग से जुड़ी त्रुटियों का सुधार राज्य सरकार के छात्रवृत्ति पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन करना होगा। यह प्रक्रिया 15 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी।
निर्धारित समय सीमा के बाद बैंक खाते या आधार सीडिंग से संबंधित किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में यदि विद्यार्थी समय पर सुधार नहीं करते हैं और छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त नहीं हो पाती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी।
किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या होने पर विद्यार्थी अपने संस्थान के छात्रवृत्ति प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, रायपुर (कलेक्टोरेट परिसर, कक्ष क्रमांक 40, छात्रवृत्ति शाखा) में कार्यालयीन समय में भी मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित