चंडीगढ़ , मई 23 -- भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, लुधियाना द्वारा दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डीआईसीसीआई) - नॉर्थ इंडिया के सहयोग से मौजूदा एवं इच्छुक एससी-एसटी उद्यमियों के लिए "उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम" का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम सोमवार, 25 मई 2026 को प्रातः 9:00 बजे से ऑडिटोरियम, बाबा मखन शाह लोबाना भवन, सेक्टर-30ए, चंडीगढ़ में होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य एससी-एसटी समुदाय के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देना, व्यावसायिक अवसरों का विस्तार करना तथा कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है। प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता प्रणालियों और व्यवसाय विकास रणनीतियों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी संगठनों, सार्वजनिक उपक्रमों, वित्तीय संस्थानों एवं उद्योग संगठनों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रतिभागियों को जीईएम, सेल, पावरग्रिड, एफसीआई, बीबीएमबी, आईओसीएल, एसबीआई, एक्जिम बैंक, एमएसएमई डीएफओ लुधियाना, डीआईसी चंडीगढ़, एससी-एसटी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड सहित आईटीआई एवं आरसेटी जैसे प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारियों से संवाद का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित