चंडीगढ़ , मई 06 -- पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने जनगणना फॉर्म में वाल्मीकि और मजहबी समुदाय के लिए कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए पंजाब जनगणना कल्याण विभाग के निदेशक और राज्य नोडल अधिकारी को तलब किया है।

पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने इस संबंध में बुधवार को बताया कि वाल्मीकि और मजहबी समुदाय के लिए अपमानजनक शब्दों के उपयोग का मामला उनके संज्ञान में सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से आया है। उन्होंने बताया कि आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वतः संज्ञान लेते हुए डॉ. नवजोत खोसा, डायरेक्टर, जनगणना कल्याण विभाग पंजाब, तथा मनजीत सिंह बराड़, नोडल अधिकारी, जनगणना कल्याण विभाग पंजाब, को व्यक्तिगत रूप से आयोग कार्यालय में 13 मई को पेश होने के लिए समन जारी किए हैं।

आयोग ने संकेत दिए हैं कि मामले की सुनवाई के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित