जौनपुर , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह इनोवा कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक बालक की मृत्यु हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा पूरामुकुंद मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर रोड डिवाइडर तोड़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली में सवार बैंड पार्टी के सदस्य सुजानगंज से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

हादसे में ट्रॉली में सवार सक्षम गौतम (15) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं इनोवा सवार मनीष, संतोष (सीतापुर, लखनऊ), आशुतोष तिवारी (गोंडा) और रहमत (अंबेडकर नगर) सहित अन्य लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य व्यक्ति भी चोटिल हुए हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित