मुंबई , अगस्त 12 -- भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी लंदन शाखा के माध्यम से 5.25 प्रतिशत कूपन दर (ब्याज दर) पर 50 करोड़ डॉलर के "रेगुलेशन एस" बॉन्ड का मूल्य निर्धारण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

यह बॉन्ड पांच वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी के मुकाबले बेंचमार्क किया गया है। इसकी कीमत बेंचमार्क से 88 आधार अंक (0.88 प्रतिशत) ऊपर तय की गयी है। इन बॉन्ड्स को एसजीएक्स-एसटी, इंडिया आईएनएक्स और एनएसई-आईएक्स पर सूचीबद्ध किया जायेगा।

इस लेनदेन को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और विभिन्न देशों एवं क्षेत्रों के निवेशकों ने इसमें मजबूत रुचि दिखाई। ऑर्डरबुक अपने उच्चतम स्तर पर 2.46 अरब डॉलर तक पहुंची, जिसमें 145 निवेशकों ने भाग लिया। मजबूत निवेशक मांग के आधार पर पहले मूल्य टेर्जरी बेंचमार्क से 120 आधार अंक ऊपर रखा गया था जिसे संशोधित कर टेर्जरी बेंचमार्क से 88 आधार अंक ऊपर कर दिया गया।

रेगुलेशन एस. बॉन्ड अमेरिकी निवेशकों के लिए जारी किये जाने वाले ऐसे बॉन्ड हैं जो अमेरिका के बाहर जारी किये जाते हैं। शर्त यह होती है कि इसका अमेरिका में कोई सीधा प्रभाव नहीं होना चाहिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित