लखनऊ , मई 19 -- राज्यसभा सांसद एवं संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति के सदस्य तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया को मंगलवार को स्टेट बैंक कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने लंबित मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। स्टेट बैंक कर्मचारियों ने दोनों सांसदों से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों आशुतोष वर्मा, बृजेश तिवारी, शिव कुमार सिंह, तारकेश्वर चौहान, राकेश कुमार और अमित सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर उनका फेडरेशन राष्ट्रीय स्तर पर संघर्ष कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में संदेशवाहक और सशस्त्र गार्डों की भर्ती, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, स्थायी पदों पर आउटसोर्सिंग बंद करना, मेडिकल रीइंबर्समेंट योजना में सुधार तथा पेंशन संबंधी विसंगतियों का समाधान शामिल है।

संगठन के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मांगों को लेकर मई माह में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत 20 मई को सोशल मीडिया मंच एक्स पर देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 21 मई को प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा तथा 22 मई को राष्ट्रीय स्तर पर सभी केंद्रों पर प्रदर्शन और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित