बैतूल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गुरुवार शाम एक महिला द्वारा छत से कूदने की धमकी देने की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतारा, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पारदी ढाना निवासी बबली उर्फ नगमा सोलंकी शाम करीब 6 बजे एसपी कार्यालय की इमारत की छत पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने साथ एक बोतल में तरल पदार्थ लाई थी, जिसे उसने कथित रूप से पी लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तेज गंध महसूस होने की बात कही, जिससे किसी ज्वलनशील या जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला ने छत पर लगे टावर के गेट को अंदर से बंद कर लिया था। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने पीछे से गेट खोलकर महिला तक पहुंच बनाई। इस दौरान वह पैराफिट के बाहर खड़ी होकर कूदने का प्रयास कर रही थी।
दो महिला पुलिसकर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए उसे पकड़कर सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किया गया है।
महिला के पति ने आरोप लगाया है कि पारिवारिक तनाव और प्रताड़ना के चलते उसने यह कदम उठाया। साथ ही परिवार की एक अन्य महिला द्वारा भी जहरीला पदार्थ सेवन करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित