जयपुर , जुलाई 27 -- युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले संस्कृति परम लक्ष्य (एसपीएल) भारत कप क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण का आयोजन इस बार राजस्थान में किया जायेगा जो आगामी फरवरी-मार्च में होगा।

इसके संस्थापक विजय शर्मा ने सोमवार को जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य संरक्षक पंडित देवकीनंदन ठाकुर, पूर्व क्रिकेटर एवं टूर्नामेंट कमिश्नर मदन लाल की मौजूदगी में यह घोषणा की। आयोजकों ने बताया कि पहला संस्करण सफल रहने के बाद दूसरे संस्करण को अधिक पेशेवर और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक बदलाव किये गये हैं। प्रतियोगिता अगले वर्ष फरवरी-मार्च में आयोजित होगी। इस बार टी-10 की जगह टी-12 प्रारूप में मुकाबले होंगे तथा टेनिस बॉल के स्थान पर सिंथेटिक लेदर बॉल का इस्तेमाल किया जाएगा। पंडित देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और प्रेरणादायी युवा तैयार करना भी है।

श्री मदन लाल ने कहा कि छोटे शहरों और गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया और प्रतिस्पर्धी माहौल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देगा।

श्री शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। देशभर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिनके बाद 250 खिलाड़ियों का ऑक्शन पूल तैयार होगा। इनमें पहले संस्करण के प्रदर्शन के आधार पर 50 और ट्रायल के माध्यम से 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसके बाद आठ टीमें ऑक्शन के जरिए 128 खिलाड़ियों का चयन करेंगी। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे। खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर ए, बी और सी श्रेणी में रखा जाएगा। ए श्रेणी के खिलाड़ियों का आधार मूल्य 75 हजार रुपये, बी श्रेणी का 50 हजार रुपये और सी श्रेणी का 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। टूर्नामेंट में महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाली आठ टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों के अनुसार विजेता टीम को 31 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

आयोजन समिति ने बताया कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित