मुंबई , अगस्त 11 -- सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने आगामी त्योहारी सीजन के लिये विभिन्न विधाओं और भाषाओं में मनोरंजन कार्यक्रमों की विस्तृत सूची पेश की है। कंपनी के अनुसार, यह पहल कंटेंट-केंद्रित, प्लेटफॉर्म-निरपेक्ष और बहुभाषी मनोरंजन कारोबार तैयार करने की उसकी रणनीति का हिस्सा है।एसपीएनआई की इस पेशकश में विभिन्न भाषाओं के मनोरंजन कार्यक्रमों के साथ लाइव खेलों का भी व्यापक कैलेंडर शामिल है। इसमें प्रीमियम कार्यक्रम, भारतीय दर्शकों के लिये तैयार किये गये लोकप्रिय वैश्विक प्रारूप, नये भारतीय कॉन्सेप्ट तथा टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, सोनी लिव की नयी ब्रांड पोजिशनिंग 'इट ऑल लिव्स हियर' मनोरंजन और खेल कार्यक्रमों के लिये डिजिटल मंच के रूप में उसकी भूमिका को और मजबूत करेगी।
त्योहारी पेशकश में 'कौन बनेगा करोड़पति' का 18वां सीजन प्रमुख आकर्षण है, जिसका प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर शुरू हो गया है। नया सीजन 'सोचना पड़ेगा' अभियान के साथ लौट रहा है और ज्ञान, आकांक्षा तथा जीवन बदल देने वाली कहानियों की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।
हिंदी मनोरंजन क्षेत्र में क्रिकेटर रोहित शर्मा अपने नये शो के साथ मनोरंजन जगत में पदार्पण करेंगे। वहीं, अभिनेता अजय देवगन सच्ची घटनाओं पर आधारित अपराध श्रृंखला 'क्राइम पेट्रोल 2026' की मेजबानी करेंगे। कॉमेडी और मनोरंजन से भरपूर 'इंडियन गेम शो' को भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया होस्ट करेंगे, जिसमें लोकप्रिय हस्तियां विभिन्न मनोरंजक चुनौतियों में हिस्सा लेंगी।
सोनी लिव, बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट की श्रृंखला 'स्कैम 2010' भी इस पेशकश का हिस्सा है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार हंसल मेहता के निर्देशन में बनी यह श्रृंखला एक बड़े वित्तीय साम्राज्य के उत्थान और पतन की कहानी पेश करेगी।
एसपीएनआई ने बहुभाषी विस्तार पर भी जोर दिया है। पद्मश्री सम्मानित अभिनेत्री माधुरी दीक्षित मराठी भाषा में 'कौन बनेगा करोड़पति' के रूपांतरण 'कोण होणार करोड़पती' की मेजबानी करेंगी। तमिल दर्शकों के लिये सोनी लिव पर 'मास्टरशेफ तमिल' पेश किया जाएगा, जिसमें सामंथा रुथ प्रभु नजर आएंगी। इसके अलावा 'तमिल आइडल' के जरिये तमिलनाडु की नयी गायन प्रतिभाओं की तलाश की जाएगी, जिसका नेतृत्व संगीतकार ए.आर. रहमान करेंगे।
मनोरंजन के साथ सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क ने 'फेस्टिवल ऑफ स्पोर्ट्स' की भी घोषणा की है, जो 15 अगस्त से एक दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसमें भारत का श्रीलंका दौरा, महिला टी20 एशिया कप, एशियाई खेल और भारत का न्यूजीलैंड का सभी प्रारूपों का दौरा शामिल होगा।
एसपीएनआई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बनर्जी ने कहा, "भारत का मनोरंजन परिदृश्य तेजी से ऐसे दर्शकों से प्रभावित हो रहा है, जो भाषाओं, विधाओं और स्क्रीन के बीच सहजता से आते-जाते हैं। इसलिए हमारा ध्यान ऐसे प्रभावशाली कार्यक्रमों और कहानियों को तैयार करने पर है, जो दर्शकों से जुड़ सकें, चाहे वे इन्हें कहीं भी और किसी भी तरीके से देखना पसंद करें।"उन्होंने कहा कि त्योहारी पेशकश इसी दृष्टिकोण को सामने लाती है, जिसमें लोकप्रिय और लंबे समय से चले आ रहे कार्यक्रमों के साथ नये प्रारूप, बड़े सितारे, बढ़ता क्षेत्रीय पोर्टफोलियो और लाइव खेलों का कैलेंडर शामिल है। 'कौन बनेगा करोड़पति' और नये हिंदी मनोरंजन कार्यक्रमों से लेकर मराठी और तमिल में पेश की जा रही सामग्री तक, कंपनी व्यापक और विविध कंटेंट पोर्टफोलियो तैयार कर रही है। टेलीविजन नेटवर्क और सोनी लिव के माध्यम से इसे देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित