लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने राष्ट्रीय सीएसएसआर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि प्रदेश की आपदा प्रबंधन और खोज-बचाव क्षमताओं की मजबूती को दर्शाती है। प्रतियोगिता 8 से 10 मार्च 2026 तक नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) की 8वीं बटालियन, दिल्ली में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह 11 मार्च को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहां केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने एसडीआरएफ उत्तर प्रदेश के सेनानायक अमित कुमार और उनकी टीम को पुरस्कार प्रदान किया।
प्रतियोगिता के दौरान टीमों का मूल्यांकन तकनीकी खोज क्षमता, अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के प्रयोग, टीम समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता और आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों के आधार पर किया गया। एसडीआरएफ उत्तर प्रदेश की इस उपलब्धि ने प्रदेश के आपदा प्रबंधन में सुधार और तत्परता को और मजबूत किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित