उत्तरकाशी , मई 13 -- उत्तराखंड में उत्तरकाशी जनपद के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के जंगल में लापता हुए एक ग्रामीण को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने कल देर रात चलाए गए सघन खोज अभियान के दौरान सकुशल बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मड़गांव निवासी विशन सिंह बर्थवाल (50) मंगलवार सुबह प्रतिदिन की भांति अपनी बकरियां चराने जंगल गए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई, किंतु उनका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद मामले की सूचना थाना धरासू के माध्यम से एसडीआरएफ चौकी चिन्यालीसौड़ को दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में सर्च अभियान शुरू किया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने अंधेरे के बावजूद टीम ने अलग-अलग दल बनाकर संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया।
लंबी खोजबीन के बाद एसडीआरएफ टीम को विशन सिंह जंगल के भीतर अचेत अवस्था में मिले। टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ में उन्होंने बताया कि जंगल में अचानक स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह बेहोश हो गए थे, जिसके चलते वापस घर नहीं लौट सके।
इसके बाद एसडीआरएफ टीम द्वारा उन्हें सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित