जम्मू , जुलाई 23 -- जम्मू में फल्लियां मंडल क्षेत्र के पास तवी नदी में गुरुवार को अचानक जलस्तर बढ़ने से फंसे दो लोगों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और जम्मू पुलिस ने सुरक्षित निकाल लिया है।
सुरक्षित निकाले गए लोगों की पहचान अलोरा के फरमान अली (25) और सोहंजना के फारूक अहमद (28) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार दोनों सुबह अपने मवेशियों को नदी किनारे चराने गए थे, तभी पानी का स्तर अचानक बढ़ गया और वे नदी के बीच फंस गए।उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद फलियां मंडल पुलिस चौकी ने तुरंत पीसीआर जम्मू के जरिए एसडीआरएफ को सतर्क किया।
एसडीपीओ सिटी साउथ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फलियां मंडल पुलिस चौकी के प्रभारी, पुलिसकर्मी और एसडीआरफ की टीम मौके पर पहुंची और मिलकर बचाव अभियान शुरू किया।
दोनों लोगों को लगातार और सावधानीपूर्वक की गई कोशिशों के बाद बिना किसी चोट के सुरक्षित बचा लिया गया और बाद में उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया। जम्मू पुलिस ने इसमें शामिल सभी टीमों के आपसी तालमेल की सराहना की, जिससे फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका। स्थिति सामान्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित