रूद्रपुर/देहरादून , जनवरी 31 -- उत्तराखंड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और ऊधम सिंह नगर की किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर कुमाऊं में तस्करी के एक बड़े शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.10 करोड़ रुपये की हेरोइन भी बरामद की गयी है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत भुल्लर ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शहनवाज उर्फ मामू उत्तर प्रदेश में बरेली के बहेडी निवासी है जो कुमाऊं का बड़ा नशा तस्कर है। उसकी ड्रग पैडलरों में बड़ी पैठ है।

वह कई वर्षों से कुमाऊं में नशा तस्करी के धंधे में लगा है। उसकी ड्रग उच्च क्वालिटी की मानी जाती है। यही कारण है कि अधिकांश ड्रग पैडलर उससे ही मादक द्रव्य खरीदते हैं। एसटीएफ पिछले दो साल से आरोपी की तलाश में जुटी थी और उस पर लगातार नजर बनाये हुई थी।

उन्होंने बताया कि आज एसटीएफ की कुमाऊं इकाई को बड़ी तस्करी के संबंध में सूचना मिली। एसटीएफ के मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) के निरीक्षक पावन स्वरूप और किच्छा पुलिस निरीक्षक प्रकाश दानू की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया।

टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को किच्छा के आजाद नगर चैकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 1.033 किलोग्राम स्मैक भी बरामद की गयी है। यह भी पता चला है कि आरोपी पिछले कई सालों से बरेली के भईया नामक तस्कर से हिरोइन खरीद कर कुमाऊं में बेचने का काम करता है।

श्री भुल्लर ने आगे बताया कि आरोपी बरामद हिरोइन को भईया नामक तस्कर से खरीद कर लाया है और हरजिंदर नामक व्यक्ति को बेचने के लिये ले जा रहा था। आरोपी के खिलाफ किच्छा थाना में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस भईया और हरजिंदर नामक तस्करों की तलाश में जुट गयी है। साथ ही आरोपी की पूरी कुंडली भी खंगाल रही है। पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के मूड में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित