चंडीगढ़ , सितंबर 17 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर्जीवित के महासचिव गुरप्रताप सिंह वडाला और युवा विंग अध्यक्ष गुरजीत सिंह तलवंडी ने गुरूवार को शिरोमणि अकाली दल बादल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला पर एक महिला द्वारा लगाये गये दुष्कर्म के आरोपों को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दोनों नेताओं ने दावा किया कि महिला ने पहले भी संबंधित नेताओं और धार्मिक पदाधिकारियों को शिकायत की थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई।
अकाली नेताओं ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि 21 जुलाई को एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। नेताओं ने एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से भी सवाल किया कि महिला को गुरुद्वारा साहिब की सराय में कमरा, एसजीपीसी की गाड़ी और चालक उपलब्ध कराने की परिस्थितियां क्या थीं तथा शिकायत की जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं की गयी।
श्री वडाला और श्री तलवंडी ने सरकार से विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि महिला को सराय में किसके कहने पर ठहराया गया और वहां उसके रहने की परिस्थितियां क्या थीं। नेताओं ने कहा कि मामले के तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना धार्मिक संस्थाओं में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित