अमृतसर , अप्रैल 01 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ रहे अमृतधारी छात्रों को धर्म प्रचार कमेटी द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए 2,28, 98500 रुपये की छात्रवृत्ति राशि दी गई है।
एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बुधवार को शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को छात्रवृत्ति राशि के चेक सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी सिख धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए हमेशा सक्रिय रही है। जहाँ देश भर में गुरमत समागमों के माध्यम से सिख धर्म का प्रचार किया जाता है, वहीं धर्म प्रचार कमेटी द्वारा शिरोमणि कमेटी के प्रबंधन के तहत चल रहे शैक्षणिक संस्थानों के अमृतधारी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजना भी चलाई जा रही है। इसके तहत हर साल अमृतधारी छात्रों को उनकी फीस के लिए करोड़ों रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाते हैं।
उन्हाेंने कहा कि इस बार 3,743 अमृतधारी छात्रों को यह राशि वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा धर्म प्रचार कमेटी द्वारा हर साल धार्मिक परीक्षा के माध्यम से भी विशेष रूप से छात्रवृत्ति दी जाती है। उन्होंने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी और उन्हें गुरसिखी जीवन में दृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संगत से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को 'बाणी और बाणे' (गुरबाणी और सिख स्वरूप) से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित