लखनऊ , फरवरी 16 -- संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट एंड मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआईएमएस) के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन और ट्रॉमा मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा देने के उद्देश्य से सोमवार को चार अत्याधुनिक इमेजिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इन नई सुविधाओं से गंभीर रूप से घायल मरीजों के निदान और उपचार की प्रक्रिया और अधिक तेज़, सटीक और प्रभावी हो सकेगी।
एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन ने रेडियोडायग्नोसिस विभाग की प्रमुख डॉ. अर्चना गुप्ता और एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के प्रमुख डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में इन आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन किया। नए सिस्टम में पूर्णतः स्वचालित डिजिटल एक्स-रे यूनिट, उच्च-रिज़ॉल्यूशन मस्कुलोस्केलेटल इमेजिंग से लैस उन्नत अल्ट्रासाउंड सिस्टम, मोबाइल एक्स-रे यूनिट और कंप्यूटेड रेडियोग्राफी (सीआर) सिस्टम शामिल हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि नई डिजिटल एक्स-रे प्रणाली से बेहतर स्पष्टता के साथ तेजी से इमेज प्राप्त होगी, जिससे गंभीर चोटों के मामलों में डॉक्टरों को त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलेगी। वहीं, उच्च-रिज़ॉल्यूशन अल्ट्रासाउंड मशीन नरम ऊतकों की चोट, लिगामेंट क्षति और फ्रैक्चर के सटीक मूल्यांकन में सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि मोबाइल एक्स-रे यूनिट के माध्यम से गंभीर मरीजों की बिस्तर के पास ही जांच की जा सकेगी, जिससे उन्हें स्थानांतरित करने की आवश्यकता कम होगी। कंप्यूटेड रेडियोग्राफी प्रणाली इमेज प्रोसेसिंग और डिजिटल स्टोरेज को अधिक प्रभावी बनाएगी, जिससे कार्यप्रणाली में तेजी आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित