हैदराबाद , अगस्त 03 -- संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) की तेलंगाना राज्य समिति ने किसानों और आम जनता से 10 अगस्त को होने वाले प्रदेशव्यापी 'जेल भरो' आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
एमकेएम ने केंद्र सरकार मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को वापस लेने , स्वामीनाथन आयोग के सी2 प्लस 50 फॉर्मूले के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने और किसानों से जुड़े अहम मुद्दों का समाधान करने की मांग है।
मोर्चा के नेताओं ने भाकपा के प्रदेश कार्यालय, मखदूम भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह विरोध प्रदर्शन एसकेएम के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा घोषित देशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है। इसमें पूरे देश में 'जेल भरो', 'रेल रोको' और 'रोड रोको' जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
किसान संगठन ने कृषि ऋण राहत अधिनियम को लागू करने, 2013 के भूमि अधिग्रहण अधिनियम और वन अधिकार अधिनियम के तहत भूमि अधिकारों की सुरक्षा, बिजली निजीकरण विधेयक को वापस लेने, और चार श्रम संहिताओं , बीज विधेयक तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों को रद्द करने की भी मांग की।
नेताओं ने केंद्र सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने, कॉरपोरेट कंपनियों का पक्ष लेने और कृषि के लिए नुकसानदेह व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के लोगों से अपील की कि वे किसानों के अधिकारों और देश की खाद्य सुरक्षा की रक्षा के लिए इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित