जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी) ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दस हजार रूपये के इनामी डमी परीक्षार्थी प्रिन्स को गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र निवासी अभियुक्त प्रिन्स सैनी (27) वर्तमान में कोलकाता के बारासात राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है। जांच में सामने आया कि प्रिन्स ने सांचौर निवासी मूल अभ्यर्थी मनोहर सिंह विश्नोई के स्थान पर वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में डमी परीक्षार्थी बनकर विज्ञान विषय की परीक्षा दी थी। यह परीक्षा 24 दिसंबर 2022 को उदयपुर के सविना खेड़ा स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित हुई थी।
उन्होंने बताया कि इस धोखाधड़ी के बदले प्रिन्स और मनोहर सिंह के बीच ढाई लाख रुपए का सौदा तय हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया गया, जिसमें अभ्यर्थियों के फोटो और डेटाबेस का मिलान किया गया। उन्नत तकनीकी विश्लेषण और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से टीम ने कोलकाता में प्रिन्स की लोकेशन ट्रेस की और उसे धर दबोचा।
श्री बंसल ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी प्रतियोगी परीक्षा-2022 में हुई इस धोखाधड़ी के मामले में एसओजी अब तक 27 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इनमें 12 मूल अभ्यर्थी, प्रिंस सहित 10 डमी परीक्षार्थी और 05 मध्यस्थ और सहयोगी अभियुक्त भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित