सुपौल , मई 31 -- सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बीरपुर मुख्यालय एवं वाहिनी की समस्त सीमा चौकियों में तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य कार्मिकों एवं आमजन के बीच तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश प्रसारित करना है।
एसएसबी के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों तथा महिला कार्मिकों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान श्री शर्मा ने तंबाकू निषेध प्रतिज्ञा का वाचन कर सभी उपस्थित कार्मिकों को शपथ दिलाई। उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान पर प्रकाश डालते हुए सभी को तंबाकू एवं धूम्रपानजनित नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट तथा राहुल कुमार, सहायक कमांडेंट सहित अन्य अधिकारीगण, जवानों एवं महिला कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित