सिलीगुड़ी , मार्च 28 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के महानिदेशक संजय सिंघल ने उत्तर बंगाल में चुनाव तैयारियों की व्यापक समीक्षा की और कड़ी सतर्कता के साथ हिंसा मुक्त मतदान की आवश्यकता पर जोर दिया।
अपनी यात्रा के दौरान महानिदेशक ने जलपाईगुड़ी के मालबाजार में एसएसबी की 46वीं वाहिनी में सैनिक सम्मेलन को संबोधित किया, जहां उन्होंने कर्मियों को पूरी लगन, ईमानदारी और बल के मूल्यों के के साथ कर्तव्य पालन के लिए प्रोत्साहित किया।
अनुशासन और व्यावसायिकता पर जोर देते हुए उन्होंने सैनिकों से चुनावों के दौरान सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया।
श्री सिंघल ने बाद में जलपाईगुड़ी जिले में तैनात एसएसबी की चुनावी कंपनियों का दौरा किया और जमीनी स्तर के कर्मियों से बातचीत की। उन्होंने किसी भी प्रकार की चुनावी हिंसा के प्रति शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिये, साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त रहे।
चुनाव ड्यूटी पर महानिदेशक ने कर्मियों को विश्वास बहाली के उपायों के पूरा होने के बाद अतिरिक्त जिम्मेदारियों के लिए मानसिक रूप से तैयार रहने और अप्रत्याशित चुनौतियों का प्रभावी ढंग से जवाब देने की सलाह दी।
सिलीगुड़ी स्थित फ्रंटियर मुख्यालय में श्री सिंघल ने हाइब्रिड मोड में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और राज्य पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समन्वय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उत्तर बंगाल पुलिस के एडीजी, आईजी सीआरपीएफ-सह-राज्य बल समन्वयक, आईजी बीएसएफ (उत्तर बंगाल फ्रंटियर), डीआईजी सीआरपीएफ सिलीगुड़ी, सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर और अन्य फील्ड कमांडर सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
तैनाती की रणनीति और अंतर-एजेंसी समन्वय की समीक्षा करते हुए महानिदेशक ने अब तक के सीएपीएफ के प्रयासों की सराहना की और लापरवाही के प्रति आगाह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मतदान से पहले निरंतर सतर्कता महत्वपूर्ण होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित