बेतिया , जुलाई 30 -- 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज में सीमांत मुख्यालय, पटना के अधीन आयोजित तीन दिवसीय इंटर सेक्टर खो-खो प्रतियोगिता में पूर्णिया सेक्टर ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और इंटर सीमांत खो-खो प्रतियोगिता में खेलने का हक हासिल किया।
इस महीने 28 से 30 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया के उपमहानिरीक्षक हरी प्रकाश ने फीता काटकर किया था। प्रतियोगिता में बेतिया, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया सेक्टर की पुरुष एवं महिला टीमों के अलावा गया सेक्टर की पुरुष टीम ने भाग लिया।
समापन समारोह में महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला मुजफ्फरपुर और पूर्णिया सेक्टर के बीच खेला गया, जिसमें पूर्णिया ने रोमांचक जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग के फाइनल में भी पूर्णिया ने मुजफ्फरपुर को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
उपमहानिरीक्षक हरी प्रकाश ने पूर्णिया सेक्टर की दोनों टीमों को विजेता ट्रॉफी तथा मुजफ्फरपुर सेक्टर की टीमों को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि खो-खो केवल एक खेल नहीं, बल्कि देश की माटी की पहचान है। उन्होंने कहा कि यह खेल युवाओं में गति, चपलता, अनुशासन और सामूहिक भावना का विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से सभी खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
समापन समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी गोविंद कुमार ठाकुर, उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, उप कमांडेंट (संचार) विनय कुमार, उप कमांडेंट अजय कुमार सिन्हा, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, सहायक कमांडेंट (संचार) रियाज पी. सहित कई अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित