मधुबनी , सितंबर 20 -- बिहार में मधुबनी जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जयनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 350 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

एसएसबी के 48वीं वाहिनी जयनगर के अंतर्गत सीमा चौकी बेतौन्हा के जवानों को मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबाड़ी गांव स्थित आम के बगीचे के समीप कार्रवाई की। यह स्थान सीमा स्तंभ संख्या 268/15 से करीब 800 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में स्थित है।

इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 100 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि अतिरिक्त मादक पदार्थ कमलाबाड़ी गांव स्थित एक मकान में रखा गया है।

इसके बाद संयुक्त टीम ने उक्त स्थान पर तलाशी ली, जहां करीब 50-50 ग्राम के पांच पैकेट में कुल 250 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गयी। इस प्रकार कुल सात पैकेट में करीब 350 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित