मधुबनी , अक्टूबर 03 -- बिहार में मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र मेंसशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जयनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो देशी पिस्तौल, 24 कारतूस, चार मैगजीन और करीब 65 हजार रुपये नकद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार यहां बताया कि 48वीं वाहिनी एसएसबी जयनगर के एफ समवाय मुख्यालय कमला की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में जयनगर थाना क्षेत्र के कोरहिया निवासी विजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया।प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बरामद हथियार एवं कारतूस किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाये जा रहे थे। पुलिस मामले में हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदार के संबंध में जांच कर रही है।

सूत्रों ने बताया कि बरामद सामग्री और गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कार्रवाई के लिए जयनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। इस संबंध में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित