टिहरी , जुलाई, 22 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टिहरी पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित 'टीम गौरा' ने बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किलकुलेश्वर (कीर्तिनगर) में छात्राओं के लिए विशेष आत्मरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रभावी तरीके सिखाए गए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम-2012, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों, महिला हेल्पलाइन और अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
साइबर सुरक्षा सत्र में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग, फिशिंग, साइबर मॉर्फिंग, ऑनलाइन ठगी और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की साइबर घटना या ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस से संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक सुषमा रावत, एलसी दीपा, हेड कांस्टेबल मानसी, हेड कांस्टेबल हिमानी, चौरास चौकी के सहायक उपनिरीक्षक दीपेंद्र एवं सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षक सतेंद्र पुरी ने छात्राओं को प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं से आत्मरक्षा के कौशल को दैनिक जीवन में अपनाने और महिला एवं साइबर सुरक्षा के प्रति समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित