टिहरी , जुलाई 25 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में साइबर जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में शनिवार को साइबर क्राइम शाखा, टिहरी गढ़वाल ने ढालवाला स्थित संस्कार सृजन स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं केवाईसी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, निवेश संबंधी धोखाधड़ी, बैंकिंग फ्रॉड तथा ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2एफए) अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर अपराधी लालच, भय अथवा फर्जी पहचान का सहारा लेकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें तथा ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाता, एटीएम और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित