हरिद्वार , मार्च 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस लाइन रोशनाबाद में शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने वार्षिक निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जवानों की फिटनेस, संसाधनों की स्थिति और विभिन्न शाखाओं के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।

आज सुबह आयोजित परेड की सलामी लेने के बाद एसएसपी ने जवानों के साथ दौड़ लगाकर उनकी शारीरिक क्षमता को परखा और फिटनेस को पुलिस बल के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। इसके बाद निरीक्षण की औपचारिक शुरुआत करते हुए उन्होंने क्वार्टर गार्ड, गार्ड रूम, शस्त्रागार और स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान हथियारों, गोला-बारूद और अन्य उपकरणों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर संतोष जताते हुए अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में परिवहन शाखा पहुंचकर एसएसपी ने वाहनों की स्थिति और रिकॉर्ड की जांच की तथा संबंधित अधिकारी को समय-समय पर सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वाहन बेहतर स्थिति में होने चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

निरीक्षण के समापन पर आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों की जांच करते हुए एसएसपी ने ड्यूटी रोटेशन और अवकाश व्यवस्था को संतुलित रखने के निर्देश दिए, जिससे जवान अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित