हरिद्वार, फ़रवरी 08 -- त्तराखंड में हरिद्वार के थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर आखिरकार हरिद्वार पुलिस का शिकंजा कस ही गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों का असर जमीन पर दिखाई दिया, जब सिडकुल पुलिस ने सिलसिलेवार वाहन चोरियों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

पिछले कई दिनों से क्षेत्र में एक के बाद एक दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं से आमजन में रोष और असुरक्षा का माहौल था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में थाना सिडकुल पुलिस टीम ने घटनास्थलों का सूक्ष्म निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया और क्राइम ग्राफ तैयार कर तकनीकी व मानवीय सूचनाओं को जोड़ा।

लगातार प्रयासों के चलते रविवार को गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों आयुष पुत्र गंगाराम एवं रोहित पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जो डैन्सो चौक क्षेत्र से चोरी की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित