जयपुर , जून 01 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 12 जून को राजधानी जयपुर में राज्य स्तरीय एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करेगा।

मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने सोमवार को बताया कि सवाई मान सिंह (एसएमएस) स्टेडियम में यह एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के किसानों को पारंपरिक रासायनिक खेती छोड़ पर्यावरण और स्वास्थ्य अनुकूल प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित और प्रशिक्षित करना है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे बड़ी विशेषता प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना चुके गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और उनकी विशेषज्ञ टीम विशेष रूप से जयपुर आएगी। राज्यपाल और उनकी टीम खुद राजस्थान के प्रगतिशील किसानों को प्राकृतिक खेती के गुर, जीवमृत तैयार करने की विधि, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीके और कम लागत में अधिक मुनाफे के व्यावहारिक सूत्र सिखाएगी।

कार्यक्रम को पूरी तरह जमीनी और प्रभावी बनाने के लिए संगठन स्तर पर एक त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया शुरू की गई है। भाजपा किसान मोर्चा की जिला इकाइयां पार्टी के प्रत्येक संगठनात्मक मंडल से 5-5 ऐसे जागरूक किसानों का चयन करेंगी जो प्राकृतिक खेती करने के इच्छुक हैं। प्रत्येक मंडल से चयनित इन नामों को संकलित कर हर जिले से कुल 150 किसानों की सूची तैयार की जाएगी। जिला इकाइयां इन सभी चयनित किसानों की अंतिम सूची तुरंत मोर्चा के प्रदेश कार्यालय को भेजेंगी, जिन्हें 12 जून को जयपुर में मुख्य प्रशिक्षण दिया जाएगा।

श्री चौधरी ने बताया कि उनकी अध्यक्षता में सोमवार को यहां बैठक आयोजित की गई जिसमें राजस्थान में प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में मुख्य रूप से 12 जून को जयपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित