भागलपुर, नवंबर 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसएआर) के बहाने देश के एक सौ चालीस करोड़ लोगों के जनादेश का अपमान कर रहा है,जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।श्री नवीन ने आज यहां पार्टी की ओर से आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल होने के बाद एक आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और उससे जुड़े विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है और अब वह एसएआर को एक मुद्दा बनाकर देश की जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चारो तरफ अराजकता पैदा किया जा रहा है। उसे देश की प्रगति से कोई मतलब नहीं है। विपक्ष सिर्फ सत्ता के लिए जनता को गुमराह कर रहा है।
श्री नवीन ने कहा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी चल रहे हैं और भारत को अस्थिर करने में लगे हुए हैं। लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाना और संविधान की रक्षा करना सर्वोपरि है। इसलिए पार्टी जनता के बीच जाकर उसके झुठे कारनामे को उजागर करते हुए अपनी बातों को भी रख रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश में कल एक तरफ कांग्रेस और विपक्ष झूठ की खेती कर रहे थे।गलत बयानबाजी के साथ साथ पूरे दिल्ली में अराजकता फैलाने की कोशिश की गई थी,लेकिन दिल्ली की जनता ने नकार दिया।उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी को स्पष्ट रुप से कहना चाहते हैं कि वे देश की जनता का अपमान नहीं करें और संविधान का इज्जत करना सीखें, नहीं तो जनता 2029 में इसका करारा जबाब देगी।उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के लोग अभी भी ऐसे हरकतों से बाज नहीं आते तो देश की जनता उनका नामोनिशान मिटा देगी, क्योंकि जनता उनके नापाक इरादे को समझ चुकी है और इसे कभी पूरा होने नहीं देगी।
श्री नवीन ने कहा कि आज विपक्ष का जो कुनबा है,चाहे वह बिहार में तेजस्वी यादव का हो, उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव का और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का हो। जब जनता ने उन सबो को नकार दिया और अब उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है,इसलिए विपक्ष एसएआर को मुद्दा बनाकर देश में भ्रम और अराजकता की स्थिति पैदा कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के चुनाव में विपक्षी दलों की करारी हार से उसने सीख नहीं ली और अब वोट चोरी के बहाने चुनाव आयोग जैसे संवैधानिक संस्था पर अंगुली उठा रहे हैं, जो सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, विकास और जनता के विश्वास के साथ भाजपा ने 2024 का चुनाव जीता है। जनता का जनादेश मिला हुआ है। बावजूद इसके विपक्ष खासकर, कांग्रेस जानबूझकर एसएआर मुद्दे को तूल दे रही है।उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के अराजकता फैलाने की कोशिश पर रोक लगाने और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए भाजपा देशभर में पदयात्रा निकाल कर जनता को विपक्ष के झूठे कारनामों से अवगत करा रही है।
जनसभा को राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री दिलीप जायसवाल, नीतीश मिश्रा, , संतोष कुमार सुमन, दीपक प्रकाश, भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के कई प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया।
जनसभा के पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में भागलपुर में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, लघु सिंचाई मंत्री संतोष कुमार सुमन, पूर्व मंत्री रामनारायण मंडल, स्थानीय विधायक रोहित पांडेय, सुल्तानगंज विधायक ललित नारायण मंडल आदि चल रहे थे।
इस दौरान बड़ी संख्या में राजग कार्यकर्ता झंडे पोस्टर के साथ नारेबाजी कर रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित