नयी दिल्ली/बिलासपुर , मार्च 24 -- जल संरक्षण एवं औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित सम्मान से मंगलवार को नवाजा गया है। कंपनी को 'इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड' प्रदान किया गया।
जिला पीआरओ (बिलासपुर) ने मंगलवार को बताया - राजधानी में आयोजित एक विशेष समारोह में यह सम्मान केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के करकमलों से प्रदान किया गया। एसईसीएल की ओर से कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन एवं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
यह सम्मान एसईसीएल द्वारा संचालित खान जल के सदुपयोग के अंतर्गत किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है। इस योजना के माध्यम से खदानों से निकलने वाले जल को आसपास के क्षेत्रों में जल संकट को कम करने के साथ-साथ स्थानीय किसानों को सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि जल संरक्षण उनके लिए प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। एसईसीएल सतत एवं जिम्मेदार खनन के प्रति प्रतिबद्ध है, और खान जल का सदुपयोग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से वे न केवल संसाधनों के बेहतर उपयोग को सुनिश्चित कर रहे हैं, बल्कि आसपास के समुदायों, विशेषकर किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित