मुंबई , अगस्त 07 -- एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड की भोजपुरी फिल्में अब ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी उपलब्ध हैं। कंपनी का कहना है कि इससे भोजपुरी फिल्मों की पहुंच देश और विदेश के करोड़ों दर्शकों तक और व्यापक होगी।

कंपनी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जियोहॉटस्टार ने हाल के वर्षों में भोजपुरी कंटेंट को भी अपने मंच पर प्रमुखता से स्थान दिया है। एसआरके म्यूजिक के फिल्म कैटलॉग में पारिवारिक, सामाजिक, रोमांटिक, एक्शन, कॉमेडी और सस्पेंस पर आधारित कई फिल्में शामिल हैं।

जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध प्रमुख फिल्मों में 'सास की सौतन', 'ससुराल गेंदा फूल', 'मेहमान', 'सास बहू यमराज', 'श्री 420', 'राज', 'रंग दे बसंती', 'रिश्ते' और 'मंडप' शामिल हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार से भोजपुरी सिनेमा को नई पहचान और बड़ा बाजार मिला है। इससे भारत के अलावा विदेशों में रहने वाले भोजपुरी भाषी दर्शकों के लिए भी अपनी पसंदीदा फिल्मों तक पहुंच आसान हुई है।

कंपनी का कहना है कि एसआरके म्यूजिक लंबे समय से भोजपुरी संगीत और सिनेमा के क्षेत्र में सक्रिय है। जियोहॉटस्टार पर उसकी फिल्मों की उपलब्धता उसकी डिजिटल मौजूदगी को और मजबूत करेगी। साथ ही भविष्य में भी कंपनी नई फिल्मों के साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी उपस्थिति का विस्तार करने की तैयारी में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित