प्रतापगढ़ , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिला कारागार का एक बंदी गुरुवार रात प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अंतू थाना क्षेत्र के चौबेपुर गांव निवासी बाबूलाल वर्मा (45) को तबीयत बिगड़ने पर जिला जेल से इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल, प्रयागराज भेजा गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी, हालांकि देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

बताया गया कि बाबूलाल वर्मा पर दिसंबर माह में अपने ही 10 वर्षीय पुत्र की हत्या का आरोप है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि उसने पत्नी और उसके प्रेमी को फंसाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

प्रतापगढ़ के डिप्टी जेलर ने भी पुष्टि की है कि बंदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ है। पुलिस उसकी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित