हैदराबाद , फरवरी 01 -- तेलंगाना में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव से कथित टेलीफोन टैपिंग मामले में रविवार को यहां उनके नंदी नगर स्थित आवास पर पूछताछ की।
एसआईटी ने दोपहर करीब तीन बजे श्री राव से पूछताछ की। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनार के नेतृत्व वाली यह टीम मार्च 2024 में पंजागुट्टा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले की जांच कर रही है। यह मामला पिछली बीआरएस सरकार के दौरान विशेष खुफिया ब्यूरो ( एसआईबी) द्वारा अवैध फोन टैपिंग के आरोपों से संबंधित है।
इस बीच बीआरएस नेताओं ने राजनीतिक बदले का आरोप लगाते हुए पूछताछ के खिलाफ राज्य भर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं का दावा है कि नगर निकाय चुनावों से पहले जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से यह जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित