अयोध्या , जुलाई 07 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मंगलवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

श्री चौधरी ने मीडिया से बातचीत में हाल के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आजकल बिना पर्याप्त तथ्यों और साक्ष्यों के संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं की विश्वसनीयता के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच एजेंसियों को अपना कार्य पूरी निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ करने देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संबंधित प्रकरण की एसआईटी जांच जारी है और उत्तर प्रदेश सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है। सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है कि घटना की तह तक पहुंचकर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि जो घटना हुई है, वह निश्चित रूप से दुखद है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और निगरानी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

पंकज चौधरी ने दोहराया कि एसआईटी निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना और जनता का विश्वास बनाए रखना है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष से महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने शिष्टाचार भेंट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित