चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- भारत निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का कार्यक्रम एक बार फिर संशोधित किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब 31 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 31 जुलाई से 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची अब 6 नवंबर को प्रकाशित होगी।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि चुनाव आयोग ने राज्य के मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए समयसीमा में बदलाव किया है। इस विस्तार से उन पात्र नागरिकों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में मतदाता सूची से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज नहीं करा सके।

उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और मतदाताओं का विवरण सटीक एवं त्रुटिरहित सुनिश्चित करना है।

यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से नाम शामिल कराने का अनुरोध किया जा सकता है। अब तक 87,262 फॉर्म-6, 6,167 फॉर्म-7 और 79,246 फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त हुए हैं। चुनाव आयोग की ओर से अब तक 41,59,707 नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 21,98,288 आपत्तियों का निपटारा किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित