मोहाली , जून 28 -- पंजाब के मोहाली में अतिरिक्त उपायुक्त (समान्य )-सह-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी गीतिका सिंह ने रविवार को विभिन्न केंद्रों पर जाकर चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत कर अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंचने और समयबद्ध तरीके से गणना फ़ॉर्म भरवाने के निर्देश दिये। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने फॉर्म समय पर भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

श्रीमती सिंह ने सेक्टर-70 के बूथ संख्या 242 और 255, मटौर क्षेत्र के बूथ संख्या 133, 232, 233, 234 और 235 तथा सेक्टर-78 व 79 के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और लगन के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे।

इस दौरान जिला नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने भी मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान की और उन्हें जागरूक किया। मौके पर चुनाव कानूनगो वरुण कुमार और जगतार सिंह भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित