अमृतसर , जून 27 -- निर्वाचन आयोग द्वारा चलाये जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र अटारी (अनुसूचित जाति) के बूथ संख्या-101 के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सतपाल सिंह ने शनिवार को जुड़वां भाइयों सोहणा सिंह और मोहणा सिंह के घर पहुंचकर उन्हें पूर्व-भरे हुए गणना प्रपत्र (प्री-फिल्ड एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित किये। दोनों भाई जुड़वां होने के बावजूद अलग-अलग पात्र मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। बीएलओ ने उनके जन्म विवरण, पारिवारिक जानकारी, रिश्तों, वर्तमान पते तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन करने के बाद उन्हें प्रपत्र सौंपे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि एसआईआर-2026 अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी, विश्वसनीय और समावेशी बनाना है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी 2,134 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और त्रुटिपूर्ण अथवा दोहराई गई प्रविष्टियों को हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि सोहणा और मोहणा के घर जाकर प्रपत्र वितरित करना इस बात का प्रमाण है कि निर्वाचन आयोग प्रत्येक पात्र मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी नागरिक को विशेष परिस्थितियों के कारण मतदाता सूची से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर सत्यापन के अलावा दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं, मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण एवं संशोधन तथा जन्म-मृत्यु अभिलेखों के साथ मतदाता सूची का मिलान भी किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलओ का सहयोग करें, प्री-फील्ड गणना प्रपत्रों की सावधानीपूर्वक जांच करें और आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कर इस लोकतांत्रिक अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 का मूल उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र प्रविष्टि मतदाता सूची में दर्ज न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित