भुवनेश्वर/नयी दिल्ली , अक्टूबर 06 -- इंडिया गठबंधन के मंगलवार को नयी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के आयोजित विरोध मार्च में बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सांसद भी शामिल हुए। यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और देश भर में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में किया गया। ।
राज्यसभा में बीजद संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक के निर्देशानुसार दल के सांसद इस विरोध मार्च में भाग लेंगे। श्री मंगराज ने याद दिलाया कि श्री पटनायक पहले ही एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर श्री कुमार के इस्तीफे की मांग कर चुके हैं।
बीजद नेता ने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान ओडिशा में 20 लाख से अधिक और देश भर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने की खबरों ने एसआईआर की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओडिशा के भद्रक जिले के धामनगर विधानसभा क्षेत्र का हवाला देते हुए श्री मंगराज ने आरोप लगाया कि एक विशेष इलाके में अल्पसंख्यक समुदाय के 227 सदस्यों के वोट संबंधित बूथ स्तर के अधिकारियों की जानकारी के बिना हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि धामनगर में हजारों मतदाताओं को सूची से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आर. एस. गोपालन के अचानक दिए गए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के आवेदन ने इस पूरी प्रक्रिया पर संदेह और गहरा कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित