चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक सोमवार को राजीव गांधी भवन, सेक्टर-35 में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता और एआईसीसी की चंडीगढ़ प्रभारी रजनी पाटिल की मौजूदगी में हुई। बैठक में सांसद मनीष तिवारी, पांचों जिला कांग्रेस अध्यक्ष और सभी ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए। आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनावों की तैयारियों के साथ एसआईआर प्रक्रिया की समीक्षा की गई।

कांग्रेस नेताओं ने एसआईआर और प्री-एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या करीब 6.59 लाख से घटकर लगभग 3.02 लाख होने और करीब 1.25 लाख लोगों को नोटिस जारी किए जाने पर चिंता जताई। कांग्रेस ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित न हो।

बैठक में जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे बीएलए की मदद से बीएलओ के साथ संपर्क में रहें और नोटिस पाने वाले मतदाताओं को जवाब दाखिल करने तथा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता करें। नए पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने के लिए भी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

सुश्री पाटिल ने कार्यकर्ताओं से नगर निगम चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। श्री लक्की ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 मेयरों में नौ भाजपा से रहे, फिर भी शहर की सड़कों, पार्कों, पार्किंग और नागरिक सुविधाओं की स्थिति खराब हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित