यमुनानगर, 21अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक सुविधा के अनुसार एसआईआर का समर्थन और विरोध कर जनता को गुमराह कर रही है।

श्री गुर्जर बुधवार को जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 1 और 5 में गौशाला कॉलोनी एवं ग्रीन विहार कॉलोनी में आमजन से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस को किसी राज्य में चुनावी सफलता मिलती है, तो उसे एसआईआर और ईवीएम में कोई खामी नजर नहीं आती, लेकिन हार होने पर वह अपनी नाकामी की जिम्मेदारी लेने के बजाय इसी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। यह रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास को कमजोर करता है।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। देश में एसआईआर प्रक्रिया की शुरुआत कांग्रेस के राज में ही हुई थी। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार को छोड़कर अब तक हुई सभी एसआईआर प्रक्रियाएं कांग्रेस शासनकाल में हुई हैं। वर्तमान मोदी सरकार में भी यह प्रक्रिया नियमानुसार चल रही है। चुनावी हार का ठीकरा प्रक्रिया पर फोड़कर राजनीतिक जिम्मेदारी से नहीं बचा जा सकता, जनता का फैसला सर्वोपरि है और सभी दलों को उसका सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने आमजन से एसआईआर प्रक्रिया को सही रूप में समझने और किसी भी भ्रामक प्रचार से बचने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित