रांची , अक्टूबर 12 -- झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता कैलाश यादव ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेता मुख्य निर्वाचन आयुक्त का खुलकर बचाव कर रहे हैं, जबकि एसआईआर के जरिए देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। यादव ने एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
श्री यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से युवा, किसान, श्रमिक, अल्पसंख्यक, दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं को प्रभावित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में देशभर से करीब 13 करोड़ 37 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं।
श्री यादव ने कहा कि एसआईआर रद्द करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर देश की राजधानी दिल्ली आंदोलन का केंद्र बन गई है। उनके अनुसार, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा मतदान के अधिकार को लेकर युवा पीढ़ी, जेन-जी, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न विपक्षी दलों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि वोट चोरी का मुद्दा किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्होंने सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और संवैधानिक संस्थानों पर नियंत्रण स्थापित करने के प्रयासों पर भी चिंता जताई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के बचाव में एकजुट होकर सामने आने का आरोप लगाया। यादव ने कहा कि राजद सहित विपक्षी दलों की मांग है कि एसआईआर प्रक्रिया रद्द की जाए, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और उनके खिलाफ कार्रवाई हो। इसके साथ ही उन्होंने ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने तथा फॉर्म-6 के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों पर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। आगामी दिनों में रांची सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित