जयपुर , नवम्बर 06 -- राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत गुरूवार तक तीन दिनों के बाद राज्य में 70 लाख 50 हजार गणना प्रपत्र बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वितरित किए गए।
राज्य में गणना प्रपत्र वितरण में चित्तौड़गढ़, बाड़मेर एवं अलवर जिले अग्रणी हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने गुरुवार को बताया कि राजस्थान में सभी राजनीतिक दलों की पूर्ण भागीदारी के साथ प्रत्येक मतदाता की पात्रता की पुष्टि के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सफलतापूर्वक शुरू हो चुका है। राज्य में 199 विधानसभा क्षेत्रों में 52 हजार 222 बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य प्रारंभ कर चुके हैं। अंता विधानसभा क्षेत्र को छोडते हुए कुल 52 हजार 222 बूथों के लिए 5407 सुपरवाईजर भी इनकी सहायतार्थ कार्य कर रहे हैं। एसआईआर के दौरान एक लाख से अधिक स्वयंसेवक मतदाताओं, विशेषकर वृद्ध, बीमार, दिव्यांग और अन्य कमजोर समूहों की सहायता कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों ने पहले ही एक लाख से अधिक बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) नियुक्त कर लिए हैं। वे अभी और बीएलए नियुक्त कर सकते हैं। श्री महाजन ने कहा कि हर योग्य मतदाता चार दिसंबर तक अपनी एक नवीनतम रंगीन फोटो एवं आवश्यक सूचनाओं के साथ भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने बीएलओ को जमा करा कर स्वच्छ एवं सही मतदाता सूची निर्माण में अपना सहयोग दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित