रायपुर , अक्टूबर 11 -- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता रविवार शाम दिल्ली रवाना होंगे।
पार्टी नेताओं से आज मिली जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन से पहले दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी हाईकमान के साथ छत्तीसगढ़ के सभी कांग्रेस विधायकों की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। कांग्रेस सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकालने की भी तैयारी कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित कांग्रेस के विधायक एवं अन्य वरिष्ठ नेता रविवार शाम 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस बीच, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार से भाजपा की मोदी सरकार ने लोगों को परेशान किया है, उससे संवैधानिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने मोदी सरकार से मिलकर लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया है। पूरे देश में इसका विरोध हो रहा है। इंडिया गठबंधन, जेन जी सभी लोग आंदोलन कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित